२३. संज्ञा 

 

उपघटक - संज्ञा 

   किसी व्यक्ति, वस्तु, स्थान, पर्वत, देश, दिशा, ग्रह, नक्षत्र, नदी, सड़क आदि के नाम को संज्ञा कहते हैं।

संज्ञा के भेद :

1) व्यक्तिवाचक संज्ञा : जिस शब्द से किसी विशेष प्राणी, वस्तु, स्थान के नाम का बोध होता है, उसे व्यक्ति वाचक संज्ञा कहते हैं।

जैसे- राम, महेश, शीला, हिमालय, रामायण, दिल्ली, अमेरिका, पूरब, सूर्य आदि।

2) जातिवाचक संज्ञा : जिस संज्ञा शब्द से किसी एक जाति के सभी प्राणियों, वस्तुओं एवं स्थानों का बोध होता है, उसे जातिवाचक संज्ञा कहते हैं। जैसे- आदमी, औरत, जानवर, फूल, हाथी, पहाड़, नदी, पुस्तक आदि।

3) भाववाचक संज्ञा : जिस संज्ञा शब्द से किसी व्यक्ति या वस्तु के गुण, दोष, भाव, अवस्था आदि का बोध होता  है, उसे भाववाचक संज्ञा कहते हैं। जैसे- मित्रता, बुढ़ापा, लड़कपन, बनावट, अच्छाई, बुराई, हँसी आदि।

4) पदार्थ या द्रव्यवाचक संज्ञा : जिस संज्ञा से किसी पदार्थ या द्रव्य के नाम का बोध होता है, उसे पदार्थवाचक या द्रव्यवाचक संज्ञा कहते हैं।

जैसे- लोहा, ताँबा, सोना, दूध, पानी, गेहूँ, घी, कोयला, चाँदी आदि।

5) समूह या समुदायवाचक संज्ञा : जिस संज्ञा शब्द से किसी समूह या समुदाय के नाम का बोध होता है, उसे समूहवाचक संज्ञा कहते हैं।

जैसे- भीड़, कक्षा, झुंड, कतार, श्रेणी, सेना, दल, गुच्छा, कक्षा आदि।

नोट :

1) जातिवाचक संज्ञा का बहुवचन होता है, किंतु व्यक्तिवाचक संज्ञा का बहुवचन नहीं होता है।

जातिवाचक संज्ञा : बच्चा-बच्चे, किताब-किताबें, लड़का-लड़के

व्यक्तिवाचक संज्ञा : सूर्य-सूर्य, गौरव-गौरव, मीना-मीना

2) भाववाचक संज्ञा का भी बहुवचन नहीं होता है।

उदाहरण : सौंदर्य, भव्यता, सुंदरता

3) व्यक्तिवाचक संज्ञा एवं जातिवाचक संज्ञा में प्रत्यय लगाकर भाववाचक संज्ञा बनाई जाती है।

उदाहरण : गुलाम-गुलामगिरी, मीठा-मिठास, सुंदर-सुंदरता

4) भाववाचक संज्ञा का उपयोग व्यक्तिवाचक संज्ञा की तरह किया जाता है।

जैसे- विश्वास मेरा अच्छा मित्र है।

No comments

Hindi vyakaran Mock Test

Scholarship Exam 2024 PAPER 1/2 : Hindi अनेकार्थी शब्द Start The Quiz Time's Up score: Next question See Your Result Total Quest...

Powered by Blogger.